पुलिस ने युवक और उसकी मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात।
संवाददाता -अबुल कैश
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा इलाके में पुलिस चौकी के सामने एक निजी स्कूल की छात्रा से कथित छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक की मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली है।
बताया गया कि दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा अन्य छात्राओं के साथ घर जा रही थी। इसी दौरान फरिहा पुलिस चौकी के सामने एक युवक द्वारा छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और सड़क पर विवाद किए जाने की बात सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में युवक की उम्र 16 वर्ष बताई गई है। चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा के अनुसार, युवक ने पुलिस को बताया कि वह और छात्रा पहले एक ही स्कूल में पढ़ते थे और करीब ढाई वर्ष से एक-दूसरे से बातचीत करते थे। बातचीत को लेकर विवाद होने की बात उसने बताई है।
चौकी प्रभारी ने कहा कि अभी तक कोई लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। शिकायत मिलने पर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना को लेकर ग्रामीणों में पुलिस की कथित टिप्पणी को लेकर नाराजगी की बात भी सामने आई है। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
0 टिप्पणियाँ