मौसमी वायरस की आशंका के बीच ग्रामीणों से ली जानकारी, पीएचसी पर मरीजों की जांच कर बांटी दवाएं।
रिपोर्ट: अबुल कैश
आजमगढ़। विकासखंड रानी की सराय अंतर्गत फरिहा गांव में मौसमी बीमारी की चर्चा के बीच स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशरण पाण्डेय के नेतृत्व में पहुंची टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटाई। उनके साथ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी कैप्टन डॉ. मनीष तिवारी और फरिहा स्वास्थ्य केंद्र की टीम मौजूद रही।
एसीएमओ डॉ. उमाशरण पाण्डेय ने ग्रामीणों से बीमारी से संबंधित जानकारी लेते हुए विभिन्न पहलुओं की जांच की। उन्होंने बताया कि गांव में किसी अन्य व्यक्ति में किसी प्रकार का वायरस नहीं पाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जिस बच्ची की मौत हुई थी, उसकी मौत पेट दर्द और उल्टी की समस्या के कारण हुई थी।
गांव का निरीक्षण करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फरिहा पहुंची। यहां एसीएमओ ने स्वयं मरीजों की जांच की और जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण कराया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बच्चों और परिवार के सदस्यों को ताजा भोजन ही दें तथा बासी भोजन से बचें। उन्होंने साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की भी सलाह दी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के गांव पहुंचने और मरीजों की जांच किए जाने से ग्रामीणों को स्थिति की जानकारी मिली। इस दौरान डॉ. शादाब, डॉ. विनोद, ग्राम प्रधान अबूबकर खान, राजेश यादव, डॉ. सलमान फैजी, फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा, कांस्टेबल रवि मौर्या, अमर बहादुर सिंह, साधना, क्रंदन राय सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ