बड़ी खबर : आंबेडकर प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने के मामलों पर अखिलेश ने भाजपा को घेरा।

आरक्षण को लेकर भी उठाए सवाल, बोले- लेटरल एंट्री और आउटसोर्सिंग से सामने आती है सरकार की नीयत।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं, आरक्षण और सरकारी नियुक्तियों में प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा शासन के दौरान प्रदेश के 72 जिलों में डॉ. आंबेडकर की 151 प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया गया। उनके मुताबिक, इन मामलों में 14 में गिरफ्तारियां हुईं, 45 मामलों में आरोपी अज्ञात हैं, आठ मामलों में नामजद शिकायत दर्ज हुई, जबकि 84 मामलों में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बलिया में ऐसी घटनाओं की संख्या सबसे अधिक बताई गई है।
सपा अध्यक्ष ने इन घटनाओं को लेकर सवाल किया कि इसके लिए जिम्मेदार कौन है। उन्होंने भाजपा पर डॉ. आंबेडकर के प्रति सम्मान नहीं रखने का आरोप लगाया।
आरक्षण के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियां आरक्षण के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने लेटरल एंट्री और आउटसोर्सिंग को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि पीडीए वर्ग से आने वाले अधिकारियों की तैनाती पर्याप्त संख्या में नहीं की जाती। उन्होंने चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों में भी पीडीए वर्ग के प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ