सेवा, सुचिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प; 25 नए लोगों ने ग्रहण की सदस्यता।
संवाददाता—धीरज वर्मा
आजमगढ़।भारत रक्षा दल ने रविवार को अपने स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान जिले की विभिन्न बार एसोसिएशनों से जुड़े वरिष्ठ अधिवक्ताओं सहित समाज के अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ अधिवक्ता राम त्रिपाठी, जयप्रकाश राय और किलेंदर उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। परिचय सत्र में संगठन की नीतियों, सिद्धांतों और उद्देश्यों पर चर्चा की गई। साथ ही पिछले 27 वर्षों के दौरान संगठन की ओर से किए गए सामाजिक कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि भारत रक्षा दल ने सेवा और सामाजिक संघर्ष के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। लावारिस मृतकों का अंतिम संस्कार करने जैसी मानवीय पहल को उन्होंने संगठन की महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी बताया। सम्मान समारोह में सेंट्रल बार एसोसिएशन से जयप्रकाश राय एडवोकेट, कलेक्ट्रेट बार से श्रीराम त्रिपाठी एडवोकेट समेत दर्जनों लोगों को सम्मानित किया गया।
हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने कहा कि सेवा, सुचिता और ईमानदारी की सोच रखने वाले लोग संगठन के साथ जुड़े हैं और आगे भी जुड़े रहेंगे। उन्होंने जातिवाद और धर्मवाद के आधार पर समाज में विभाजन पैदा करने वाली प्रवृत्तियों के खिलाफ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की बात कही।
जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद संगठन के कार्यकर्ता समाज को सकारात्मक दिशा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में मतदाताओं को प्रलोभन देने की कथित प्रवृत्तियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। दल के विधि मंच से जुड़े अधिवक्ताओं ने बताया कि विभिन्न बार एसोसिएशनों से अधिवक्ताओं को जोड़कर न्याय और सामाजिक अधिकारों के लिए अभियान चलाने की तैयारी है। मंच की ओर से कमजोर और वंचित लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने की बात कही गई।
कार्यक्रम के दौरान 25 नए लोगों ने भारत रक्षा दल की सदस्यता ग्रहण की। समारोह में संगठन के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ