लालगंज विधानसभा-351 से प्रत्याशी बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान।
आजमगढ़। लालगंज विधानसभा क्षेत्र में रविवार को बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में राम जानकी मैदान में विशाल कार्यकर्ता महासम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पूरा मैदान “जय भीम”, “बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर अमर रहें” और “बहुजन समाज पार्टी जिंदाबाद” जैसे नारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम से पहले कैथी शंकरपुर मोड़ पर लालगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या 351 से पंकज कुमार को बसपा प्रत्याशी बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद समर्थकों का काफिला नारेबाजी करते हुए राम जानकी मैदान पहुंचा।
महासम्मेलन में मुख्य अतिथि दिनेश चंद्रा ने पंकज कुमार को लालगंज विधानसभा-351 (सु.) से बसपा प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की। घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने पंकज कुमार के समर्थन में नारे लगाए और उनका स्वागत किया।
पंकज कुमार पूर्व सांसद लालगंज, आजमगढ़ डॉ. बलिराम के पुत्र हैं। प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्थन के प्रति आभार जताया। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा गांव-गांव पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा को मजबूत करने तथा बहन कुमारी मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है।
महासम्मेलन में डॉ. विजय प्रताप, भीम राजभर, इंदु चौधरी, विनोद चौहान, मदन राम, ओमकार शास्त्री, अरविंद कुमार, रामविलास भास्कर एडवोकेट, दीपक कुमार, दीदारगंज प्रत्याशी -अबूल कैश, अजय कुमार, कमलेश राजभर, रामबचन राम और जिला अध्यक्ष विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ