आजमगढ़ : निजामाबाद में भाकपा जिला कौंसिल की बैठक, संगठन को मजबूत करने पर जोर।

7 अक्टूबर को किसान-मजदूरों का लखनऊ विधानसभा मार्च, 7 नवंबर को आजमगढ़ में होगी विशाल सभा।
निजामाबाद। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) जिला कौंसिल की एक दिवसीय बैठक मंगलवार को निजामाबाद तहसील स्थित पार्टी कैंप कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता गंगादीन ने की। पूर्व विधायक इम्तेयाज अहमद और राज्य सचिव मंडल सदस्य हामिद अली पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।
बैठक में जिला सचिव जितेंद्र हरि पाण्डेय ने संगठन और आगामी कार्यक्रमों से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर 25 सदस्यों ने अपने विचार रखे। पूर्व विधायक इम्तेयाज अहमद ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि महंगाई, रोजगार और किसानों-मजदूरों से जुड़े मुद्दों को लेकर आम जनता परेशान है। उन्होंने एसआईआर को लेकर भी सरकार और चुनाव व्यवस्था पर सवाल उठाए।
राज्य सचिव मंडल सदस्य हामिद अली ने बताया कि किसानों और मजदूरों की मांगों को लेकर 7 अक्टूबर को लखनऊ विधानसभा मार्च प्रस्तावित है, जिसमें आजमगढ़ से भी पार्टी के किसान और मजदूर कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने संगठन को सक्रिय बनाने के लिए 18 अक्टूबर को जिला मंत्री परिषद और कार्यकारिणी की विशेष बैठक आयोजित करने की जानकारी दी।
जिला सचिव जितेंद्र हरि पाण्डेय ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर को अक्टूबर क्रांति दिवस के अवसर पर आजमगढ़ रिक्शा स्टैंड पर विशाल सभा आयोजित की जाएगी। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय अभियान के तहत 1 से 3 दिसंबर तक जेल भरो आंदोलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में उत्तर प्रदेश किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष इम्तेयाज बेग सहित श्यामा शर्मा, हरिगेन राम, मंगलदेव यादव, हीरालाल चौहान, रामाज्ञा यादव, मुजम्मिल जाहिद अली, चंद्रमोहन यादव, मखडू राजभर, केदार, अशोक कुमार यादव, अशोक राय, शाहनवाज और राम भुवाल आदि ने अपने विचार रखे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ