आजमगढ़ : तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारी, निजामाबाद पुलिस ने दो पिकअप किए सीज।

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान मानकों के विपरीत डीजे प्रतियोगिता कराने पर आयोजकों और संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
32 बड़े साउंड बॉक्स, 14 स्पीकर समेत भारी मात्रा में डीजे उपकरण जब्त, पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप।
निजामाबाद,आजमगढ़!  दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मानकों को दरकिनार कर तेज आवाज में डीजे बजाना और प्रतियोगिता आयोजित करना आयोजकों व संचालकों को भारी पड़ गया। थाना निजामाबाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित आयोजकों और डीजे संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही दो पिकअप वाहनों को सीज कर बड़ी संख्या में डीजे उपकरण जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में ध्वनि प्रदूषण और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 नवंबर 2026 को ग्राम रघुनाथपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्षों, सदस्यों और डीजे संचालकों द्वारा पिकअप वाहनों पर निर्धारित मानकों से अधिक क्षमता वाले साउंड सिस्टम लगाकर तेज आवाज में डीजे प्रतियोगिता आयोजित की जा रही थी। देर रात तक तेज ध्वनि में डीजे बजने से आम लोगों के साथ बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को परेशानी हो रही थी। पुलिस का कहना है कि मना करने के बावजूद डीजे की आवाज कम नहीं की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मौके पर कार्रवाई की। दो पिकअप वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया, जबकि अन्य वाहनों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई। इसके बाद 3 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य की तहरीर पर थाना निजामाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 278/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 289, 292 और 293, ध्वनि प्रदूषण (नियमन एवं नियंत्रण) नियमावली-2000 की धारा 4/6 तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम-1986 की धारा 15(1) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन एम्पलीफायर, 32 बड़े साउंड बॉक्स, 14 स्पीकर, तीन माइक, 17 मशीन, 14 लेजर लाइट, दो मिक्सर, एक इक्वालाइजर, तीन एसआरपी लाइट, तीन स्टेबलाइजर, नौ बोर्ड, एक तख्त, दो मेज और तीन स्टैंड फैन सहित डीजे से संबंधित उपकरण जब्त किए।
इस कार्रवाई में दो पिकअप वाहन संख्या UP50 FT 2193 और UP50 T 0622 को भी सीज किया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य, कमला प्रसाद, विनोद कुमार यादव, वंशराज दूबे, परमानन्द सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार शर्मा तथा कांस्टेबल सुजित कुमार मौर्य और कृष्ण चन्द्र शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को सार्वजनिक आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की दिशा में उठाया गया कदम बताया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ