आजमगढ़: गोवंश तस्करी में इस्तेमाल ट्रक और डस्टर कार सरकार के पक्ष में जब्त।

18 गोवंशीय पशुओं की बरामदगी के मामले में जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश।
कंधरापुर पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद दोनों वाहनों पर हुई जब्तीकरण की कार्रवाई।
आजमगढ़। गोवंशीय पशुओं की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कंधरापुर पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद जिलाधिकारी आजमगढ़ ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत तस्करी में प्रयुक्त एक ट्रक और डस्टर कार को राज्य सरकार के पक्ष में जब्त करने का आदेश दिया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 30 नवंबर 2025 को 18 गोवंशीय पशुओं की बरामदगी से जुड़े मामले में की गई है। जिलाधिकारी ने 12 अक्टूबर 2026 को जब्तीकरण का आदेश पारित किया था।
पुलिस के मुताबिक, 30 नवंबर 2025 को एसओजी प्रभारी संजय कुमार सिंह और कंधरापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या UP62T5312 से 18 गोवंशीय पशु बरामद किए थे। ट्रक के आगे डस्टर कार संख्या UP16AN3096 चल रही थी, जिस पर रेकी करने का आरोप था। मामले में आठ अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 365/2025 दर्ज किया गया था। इसमें बीएनएस, आयुध अधिनियम, गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराएं लगाई गई थीं। विवेचना के बाद 28 जून 2026 को आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है। दोनों वाहनों को जब्त करने के लिए पुलिस ने जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी थी। अभिलेखों के परीक्षण के बाद दोनों वाहनों को राज्य सरकार के पक्ष में सम्पहरण करने का आदेश जारी हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ