लखनऊ पहुंचे बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, पीड़ित परिवार से मिलकर न्याय दिलाने का दिया भरोसा।

सुभाष चंद्र की संदिग्ध मौत पर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए बोले—प्रदेश में जंगलराज कायम, कोई सुरक्षित नहीं! 
लखनऊ। जनपद लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संतनगर के मजरा खड़ौहा में दलित समाज के युवक सुभाष चंद्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला था। बताया गया कि युवक 9 नवंबर 2026 की शाम करीब छह बजे से लापता थे। अगले दिन सुबह उनका शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद परिवार में शोक और चिंता का माहौल है।
मामले को लेकर 13 नवंबर 2026 को बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करवाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से बात की जाएगी।
इस दौरान विश्वनाथ पाल ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जंगलराज कायम है और कोई भी सुरक्षित नहीं है। न्याय पाने के लिए लोगों को दर-दर भटकना पड़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि यदि प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की सरकार होती तो अब तक गुंडे-मवाली और माफिया या तो जेल के अंदर होते या प्रदेश से बाहर होते। उन्होंने मौजूदा सरकार को जुमलों की सरकार बताते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए।
बसपा की ओर से इस घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई। पार्टी ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ